प्रयागराज में अतिरुद्र महाभिषेक के लिए वाराणसी से रवाना हुआ 30 वेदपाठी ब्राह्मणों का दल
आचार्य के. वेंकटरमण घनपाठी के नेतृत्व में 2 से 8 अक्टूबर तक होगा सात दिवसीय वैदिक अनुष्ठान

वाराणसी। विश्वकल्याण, लोकाभ्युदय और समस्त चराचर जगत के मंगल की कामना के साथ प्रयागराज में आयोजित होने वाले भव्य ‘अतिरुद्र महाभिषेकात्मक’ वैदिक अनुष्ठान के लिए वाराणसी से 30 वेदपाठी ब्राह्मणों का दल रवाना हुआ। यह सात दिवसीय वैदिक अनुष्ठान 2 से 8 अक्टूबर तक प्रयागराज में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम पूज्यपाद स्वामी आनंद अवधूत जी महाराज के सानिध्य में होगा।
वाराणसी के हनुमान घाट से रवाना हुए वेदपाठी ब्राह्मणों के दल ने प्रस्थान से पहले वैदिक मंत्रों और ऋचाओं का सस्वर पाठ किया। काशी के प्रतिष्ठित वैदिक विद्वान आचार्य के. वेंकटरमण घनपाठी के नेतृत्व में यह दल प्रयागराज पहुंचकर अतिरुद्र महाभिषेक में सहभागिता करेगा।
आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 70 वैदिक विद्वान और आचार्य शामिल होंगे। वैदिक आचार्यों द्वारा शास्त्रोक्त विधि-विधान और सस्वर मंत्रोच्चार के साथ भगवान सदाशिव का अतिरुद्र महाभिषेक किया जाएगा।
आचार्य के. वेंकटरमण घनपाठी ने कहा कि अतिरुद्र महाभिषेक का आयोजन विश्वकल्याण, लोकमंगल और सर्वजन हित की भावना को समर्पित है। काशी से रवाना हुआ वेदपाठी ब्राह्मणों का दल वैदिक परंपरा और ऋषि संस्कृति की अखंड धारा को आगे बढ़ाते हुए इस महाअनुष्ठान में सहभागिता करेगा।
उन्होंने कहा कि वेद मंत्रों की शक्ति और सनातन वैदिक परंपरा के अनुरूप होने वाला यह अनुष्ठान श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनेगा। उन्होंने धर्मप्रेमी और श्रद्धालुजनों से इस पावन आयोजन में सहभागी बनने का आह्वान किया।



