उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में बिजली व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी, नए ट्रांसफार्मर और उपकेंद्र होंगे स्थापित

सांसद वीरेंद्र सिंह की पहल के बीच बिजली विभाग ने तैयार की कार्ययोजना, लाइनों के विस्तार और पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के काम भी प्रस्तावित

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली। जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर और मजबूत बनाने के लिए बिजली विभाग की ओर से व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें नए ट्रांसफार्मर लगाने, पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने के साथ ही बिजली लाइनों के विस्तार और सुदृढ़ीकरण से जुड़े कई कार्य प्रस्तावित किए गए हैं।

बिजली विभाग की कार्य प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, विद्युत वितरण खंड प्रथम चंदौली, विद्युत वितरण खंड द्वितीय मुगलसराय और सकलडीहा क्षेत्र में विभिन्न कार्यों को शामिल किया गया है। बर्थी कमरौर, डैलूपट्टी, नौबतपुर, सवैया पट्टीदारी, लोकमानपुर, प्रीतमपुर और बरियारपुर समेत कई गांवों में नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने का प्रस्ताव है।

इसके अलावा बरउर सहित अन्य क्षेत्रों में भी विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक कार्य प्रस्तावित हैं। चंदौली के यातायात छात्रावास परिसर में 250 केवीए क्षमता का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य भी रिपोर्ट में शामिल किया गया है।

वहीं, सांसद वीरेंद्र सिंह ने जुलाई 2026 में बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। बैठक में जिले में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं और किसानों की बिजली संबंधी जरूरतों पर चर्चा की गई थी। इसके बाद विभागीय स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों के आधार पर कार्ययोजना तैयार की गई है।

प्रस्तावित कार्य पूरे होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की क्षमता बढ़ाने, ट्रांसफार्मरों पर दबाव कम करने और बिजली नेटवर्क को अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button