कंपोजिट विद्यालय हिनौली में 4 शिक्षक मिले अनुपस्थित, BSA ने रोका वेतन
औचक निरीक्षण में बिना सूचना गायब मिले शिक्षक, बीएसए ने कक्षा में पहुंचकर बच्चों को पढ़ाया और शैक्षणिक स्तर परखा

चंदौली। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और शिक्षकों की समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) सचिन कुमार ने गुरुवार सुबह 8:45 बजे विकासखंड नियामताबाद के कंपोजिट विद्यालय हिनौली का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान चार शिक्षक बिना किसी पूर्व सूचना या स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित मिले। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने चारों शिक्षकों का निरीक्षण तिथि का वेतन रोकने का आदेश दिया। साथ ही सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
निरीक्षण के दौरान बीएसए सचिन कुमार ने खुद शिक्षक की भूमिका निभाई। उन्होंने कक्षाओं में जाकर बच्चों से संवाद किया, उन्हें पढ़ाया और पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली।
इसके अलावा बीएसए ने विद्यालय की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, मिड-डे मील की गुणवत्ता और छात्र उपस्थिति पंजिका का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में अनुशासनहीनता और शिक्षकों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले के अन्य विद्यालयों में भी औचक निरीक्षण जारी रहेगा और लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



