चंदौली से रवाना हुआ ‘न्याय रथ’, 12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए करेगा जागरूक
आमजन और वादकारियों को लोक अदालत के फायदे बताएगा न्याय रथ, नगर से लेकर सभी तहसीलों में करेगा भ्रमण

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए बुधवार को दीवानी न्यायालय परिसर से ‘न्याय रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली अशोक कुमार XI के मार्गदर्शन तथा सचिव निकिता गौड़ के निर्देशन में न्याय रथ नगर सहित जनपद की सभी तहसीलों में भ्रमण करेगा। इसका उद्देश्य आमजन और वादकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से मामलों के सरल एवं आपसी सुलह-समझौते से निस्तारण के प्रति जागरूक करना है।
इस अवसर पर प्रभारी जनपद न्यायाधीश अशोक कुमार XI ने बताया कि 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन तथा विभिन्न लंबित मामलों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत में सिविल मामले, मोटर दुर्घटना दावा, भरण-पोषण, चेक बाउंस, एमवी एक्ट, शमनीय आपराधिक मामले, राजस्व, वाहन चालान, बैंक रिकवरी, बिजली-पानी, टेलीफोन और टैक्स संबंधी मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया होगी।
न्याय रथ के माध्यम से लोगों को लोक अदालत की प्रक्रिया और इसके लाभों की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। कार्यक्रम के दौरान समस्त न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।



