उत्तर प्रदेशचंदौली
चंदौली में बारिश ने खोली नगर पंचायत की पोल, जिला अस्पताल के पास सड़क बनी तालाब
इलिया-धरौली मार्ग पर घंटों रहा जलभराव, स्थानीय लोगों ने पक्के नाले के निर्माण की उठाई मांग

चंदौली। मंगलवार देर रात हुई बारिश ने नगर पंचायत क्षेत्र की बदहाल सफाई और जल निकासी व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी। इलिया-धरौली मार्ग पर जिला अस्पताल के समीप सर्विस रोड पर भीषण जलभराव से पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी का स्थायी इंतजाम न होने के कारण हर मानसून में यही स्थिति बन जाती है। सड़क पर घंटों पानी जमा रहने से दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना रहता है।
नगरवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल पक्के नाले का निर्माण कर जलभराव की स्थायी समस्या का समाधान करने की मांग की है।



