उत्तर प्रदेशचंदौली

फूलन देवी जयंती पर सामाजिक न्याय का संकल्प, सैय्यदराजा में स्मरण समारोह आयोजित

श्रद्धांजलि, सम्मान और पीडीए की आवाज को मजबूत करने का लिया गया संकल्प

रिपोर्ट: अवधेश राय 

सैय्यदराजा (चंदौली)। सैय्यदराजा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा पई, थाना कंदवा में वीरांगना एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय फूलन देवी की जयंती श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक न्याय के संकल्प के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि लौटन राम निषाद रहे।

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक मनोज सिंह, जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, पिछड़ा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष वीरेंद्र बिंद, जिला महासचिव नफीस अहमद, चकिया के पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय फूलन देवी का जीवन सामाजिक अन्याय, शोषण, भेदभाव और विषमता के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणादायक गाथा है। उन्होंने अपने संघर्ष के माध्यम से वंचित, पिछड़े और शोषित वर्गों के अधिकार, सम्मान और न्याय की आवाज को मजबूती प्रदान की।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने फूलन देवी के संघर्षों और सामाजिक न्याय की विचारधारा को स्मरण करते हुए समानता, सम्मान और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने समाजवादी विचारधारा और सामाजिक न्याय के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि पीडीए की आवाज को सशक्त बनाना और समाज के हर वर्ग को सम्मान व अधिकार दिलाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने वीरांगना स्वर्गीय फूलन देवी को श्रद्धापूर्वक नमन किया और सामाजिक न्याय की लड़ाई को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

 

 

Related Articles

Back to top button