बोलेरो हादसे में घायल युवक के लिए O- नेगेटिव रक्तदान, रोहित रावत ने बचाई जान
चंदौली में मानवता की मिसाल; जन सहयोग संस्थान, ब्लड बैंक और समाजसेवियों के प्रयास से समय पर मिला दुर्लभ रक्त

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली | जनपद के बरहनी ब्लॉक स्थित ग्राम बरहनी निवासी अभिनव सिंह 16 जुलाई 2026 को बोलेरो दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके दाहिने पैर का पंजा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनका हीमोग्लोबिन स्तर गिरकर 4.4 तक पहुंच गया, जिससे उनकी स्थिति बेहद नाजुक हो गई।
आपातकालीन स्थिति को देखते हुए चंदौली ब्लड बैंक की काउंसलर संध्या देवी ने दुर्लभ O- (ओ-नेगेटिव) रक्तदाता की तलाश शुरू की और इस संबंध में जन सहयोग संस्थान से संपर्क किया। संस्थान के अध्यक्ष अजीत सोनी ने तत्काल रक्तदाता उपलब्ध कराने के लिए प्रयास शुरू किए।
इसी दौरान चंदौली के राष्ट्रीय कांग्रेस प्रवक्ता एवं जय श्री मेडिकल के संचालक शिवेंद्र मिश्रा के सहयोग से ग्राम मझवार निवासी रोहित रावत से संपर्क किया गया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए रोहित रावत ने बिना किसी विलंब के रक्तदान के लिए सहमति दी।
रोहित रावत राजकीय ब्लड बैंक (पंडित कमलापति त्रिपाठी अस्पताल) पहुंचे और पीड़ित युवक के लिए एक यूनिट O- नेगेटिव रक्तदान किया। समय पर रक्त मिलने से घायल युवक के उपचार में महत्वपूर्ण मदद मिली।
इस मानवीय पहल के लिए जन सहयोग संस्थान, क्षेत्रीय लोगों और परिजनों ने रोहित रावत के निस्वार्थ योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।



