उत्तर प्रदेशचंदौली

सपा महिला मोर्चा अध्यक्ष से मारपीट मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, वायरल वीडियो के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जमीन विवाद को लेकर घर में घुसकर की गई थी मारपीट, आभूषण छीनने का भी आरोप; अन्य आरोपियों की तलाश जारी

रिपोर्ट: लारेंस सिंह 

चंदौली। सपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल के साथ घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में मुगलसराय पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

पीड़िता गार्गी सिंह पटेल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि जमीन संबंधी विवाद और आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उनके घर में घुसकर हमला किया था। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और लात-घूसों से मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी उनके सोने-चांदी के आभूषण भी छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद से इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ था।

वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई मुगलसराय पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घटना में शामिल अमित कुमार यादव पुत्र प्यारे लाल यादव, निवासी सुजाबाद, को मुगलसराय स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button