उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का जिला अस्पताल दौरा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष से मुलाकात

सपा ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

रिपोर्ट: अवधेश राय 

चंदौली। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने सोमवार को चंदौली जिला अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती सपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

श्यामलाल पाल ने आरोप लगाया कि गार्गी सिंह पटेल के घर में घुसकर भाजपा समर्थित लोगों द्वारा अमानवीय तरीके से मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने भाजपा पर समाज को बांटने और माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस घटना में कुछ मंत्रियों की कथित संलिप्तता भी सामने आ रही है। पाल ने कहा कि भाजपा एक ओर नारी सशक्तिकरण की बात करती है, जबकि दूसरी ओर महिलाओं के साथ इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने मारपीट करने वाले आरोपियों को पार्टी की सदस्यता दिलाई थी, और अब मामला सामने आने के बाद वे खुद को अलग करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और सबसे अधिक पीड़ा पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग को झेलनी पड़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता जल्द ही इसका जवाब देगी।

इस दौरान सांसद वीरेंद्र सिंह, विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव, जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, संतोष यादव, मुसाफिर चौहान और चेयरमैन गुड्डू यादव सहित कई नेता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button