उत्तर प्रदेशचंदौली

उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता पर सुनिश्चित हो: सीडीओ आर जगत साई

उद्योग बंधु बैठक में सड़क चौड़ीकरण, बिजली तारों की ऊंचाई और जलभराव की समस्याओं पर दिए गए निर्देश

रिपोर्ट: गणपत राय 

चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्यमियों और व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में सीसी रोड निर्माण के बाद सड़क ऊंची हो जाने और बिजली के खंभों व तारों की ऊंचाई कम पड़ने का मुद्दा उठाया गया। उद्यमियों ने बताया कि फैक्ट्रियों में आने वाले लोडेड ट्रकों का ऊपरी हिस्सा बिजली के तारों से टकराने की स्थिति में रहता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम, चंदौली को निर्देशित किया कि पुनः आगणन तैयार कर क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा, वाराणसी से समन्वय स्थापित करते हुए अगली बैठक से पहले समस्या का समाधान सुनिश्चित कराया जाए।

इसके अलावा रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 तक पहुंचने के लिए उद्यमियों और ट्रकों को लंका-अलीनगर मार्ग के बेहद संकरे रास्ते से गुजरना पड़ता है। करीब 900 मीटर लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण की मांग भी बैठक में उठाई गई।

सीडीओ ने उपायुक्त उद्योग और क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा, वाराणसी को निर्देश दिया कि संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर प्रस्ताव को जल्द स्वीकृत कराया जाए और कार्य प्रारंभ कराया जाए।

बैठक में औद्योगिक क्षेत्र स्थित पार्क में गड्ढों और जलभराव की समस्या का मुद्दा भी उठाया गया। उद्यमियों ने कहा कि जलभराव के कारण आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है, जिससे वहां कार्यरत श्रमिकों में संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है। इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा को सौंदर्यीकरण और मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उपायुक्त उद्योग राजधारी प्रसाद, मुख्य चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग तथा पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button