जिगना में नए पीपा पुल का उद्घाटन, चन्दौली–गाजीपुर आवागमन होगा आसान
ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, विधायक सुशील सिंह ने किया लोकार्पण

रिपोर्ट: अवधेश राय
कमालपुर/धानापुर। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के जिगना में बुधवार को 257.11 लाख रुपये की लागत से बने नए पीपा पुल के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने धानापुर–महुंजी मार्ग पर जिगना में फीता काटकर इस महत्वपूर्ण परियोजना का लोकार्पण किया।
यह पीपा पुल ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग का परिणाम है, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। पुल के शुरू होने से चन्दौली और गाजीपुर के बीच आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा, जिससे लोगों का समय, दूरी और धन—तीनों की बचत होगी।
उद्घाटन अवसर पर विधायक सुशील सिंह ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के तहत जनता की वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि यह पुल केवल दो क्षेत्रों को जोड़ने का कार्य नहीं करेगा, बल्कि यह क्षेत्र की आर्थिक, सामाजिक और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगा। किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान अजोरा देवी की अध्यक्षता रही, जबकि संचालन रामजी तिवारी ने किया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख धानापुर अजय सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुशील सिंह जनौली, जिला महामंत्री सुजीत जायसवाल, बरहनी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।



