108 एंबुलेंस का नहीं किया इंतजार, यूपी 112 के जवान बने देवदूत; समय रहते बचाई महिला की जान
जहरीला पदार्थ और फिनाइल पीने से महिला की हालत हुई थी गंभीर, PRV 7864 के कमांडर सहजानंद चौधरी और पायलट संजय पाण्डेय ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाकर बचाई जिंदगी

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में यूपी 112 के दो जवानों ने तत्परता, सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक महिला की जान बचा ली। घरेलू विवाद के बाद महिला द्वारा जहरीला पदार्थ और फिनाइल पी लेने की सूचना मिलते ही PRV 7864 के कमांडर सहजानंद चौधरी और पायलट संजय पाण्डेय मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
यूपी 112 को इवेंट संख्या 06090 के माध्यम से सूचना मिली थी कि अलीनगर थाना क्षेत्र की एक महिला ने आत्मघाती कदम उठाते हुए जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो महिला की हालत बेहद नाजुक थी और उसके मुंह से झाग निकल रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने 108 एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय महिला को परिजनों के साथ सीधे PRV वाहन में बैठाकर पंडित कमलापति त्रिपाठी राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया, जिससे महिला की जान बच गई और अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
यूपी 112 के जवानों की इस त्वरित कार्रवाई और मानवीय पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। लोगों ने कमांडर सहजानंद चौधरी और पायलट संजय पाण्डेय को वास्तविक अर्थों में ‘देवदूत’ बताते हुए उनके कार्य को खाकी की संवेदनशील छवि का उदाहरण बताया है।



