उत्तर प्रदेशचंदौली

रहस्यमय परिस्थितियों में युवक ने की आत्महत्या, गांव में मचा कोहराम

28 वर्षीय युवक का शव मंदिर के पास फंदे से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

रिपोर्ट: गणपत राय

चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के नदेसर मारूफपुर गांव में मंगलवार तड़के एक 28 वर्षीय युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या करने से सनसनी फैल गई। गांव के पूर्वी छोर पर स्थित माँ काली मंदिर के पास युवक का शव गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला।

जानकारी के अनुसार, मृतक विकास मौर्या पुत्र अंगद मौर्या सुबह करीब 4 बजे टहलने के लिए घर से निकला था। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने उसे मंदिर के पास बांस के ढांचे से लटका देखा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

परिजनों के अनुसार, विकास रोजाना की तरह घर से टहलने निकला था, लेकिन वह मंदिर की ओर चला गया और वहीं यह घटना हो गई। मृतक के दादा लालजी मौर्या ने बताया कि कुछ देर बाद ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिला।

थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि युवक के मोबाइल स्टेटस की जांच में मामला प्रेम प्रसंग (आशनाई) से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक की मां बैजन्ती देवी, पत्नी आंक्षिका, भाई विशाल और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, तीन वर्षीय बेटी आयुषी मासूमियत से पूरे घटनाक्रम से अनजान अपने परिजनों को देख रही थी।

Related Articles

Back to top button