धानापुर मार्ग पर रोडवेज बस सेवा बंद, यात्रियों की बढ़ीं मुश्किलें
बलुआ पक्का पुल पर बैरिकेटिंग के बाद कई मार्गों पर बस संचालन ठप, ग्रामीणों ने परिवहन मंत्री से लगाई गुहार

रिपोर्ट: अवधेश राय
चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र में रोडवेज और सिटी बसों का संचालन पिछले कई दिनों से बंद होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा बलुआघाट पक्का पुल के पास बैरिकेटिंग कर बड़े वाहनों के संचालन पर रोक लगाए जाने के बाद वाराणसी से चंदौली के विभिन्न मार्गों पर चलने वाली बस सेवाएं प्रभावित हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण कार्य के दौरान क्षेत्रीय जनता को हो रही दिक्कतों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने बलुआ पुल पर बड़े वाहनों की आवाजाही रोक दी है। इसके चलते धानापुर, चहनिया, कमालपुर, सकलडीहा, पड़ाव, नादी, रामगढ़, सहेपुर और हिंगूतर समेत कई मार्गों पर संचालित वाराणसी सिटी बसों का संचालन अचानक बंद कर दिया गया।
बस सेवा बंद होने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, छात्रों और कामकाजी लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यात्रियों को अब प्राइवेट डग्गामार वाहनों से अधिक किराया देकर सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ सरकार जनता को बेहतर परिवहन सुविधा देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर बस संचालन बंद होने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लोगों ने परिवहन मंत्री से सभी मार्गों पर जल्द रोडवेज और सिटी बसों का संचालन दोबारा शुरू कराने की मांग की है।



