उत्तर प्रदेशचंदौली

कर्मनाशा नदी किनारे 14 वर्षीय किशोर का शव मिलने से सनसनी

दो दिनों से लापता था बिहार के कैमूर निवासी रामप्रवेश मौर्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

रिपोर्ट: गणपत राय 

चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र स्थित मंगरौर नदी के पास कर्मनाशा नदी किनारे सोमवार सुबह 14 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बिहार राज्य के कैमूर जनपद के चांद थाना क्षेत्र निवासी रामप्रवेश मौर्य के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही चकिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह कुछ ग्रामीण शौच के लिए कर्मनाशा नदी की ओर गए थे। इसी दौरान नदी किनारे एक किशोर का शव पड़ा दिखाई दिया। शव देखते ही ग्रामीणों में सनसनी फैल गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने पुलिस टीम के साथ जांच-पड़ताल शुरू की।

परिजनों के मुताबिक रामप्रवेश मौर्य पिछले दो दिनों से घर से लापता था। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। बताया गया कि उसे आखिरी बार मंगरौर स्थित हनुमान मंदिर के आसपास देखा गया था, जिसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई है। प्रथम दृष्टया मामला नदी में डूबने से मौत का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button