उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली सदर कोतवाली में नए प्रभारी निरीक्षक ने संभाला कार्यभार, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के संकेत

एसपी आकाश पटेल के निर्देश पर बिन्देश्वरी प्रसाद पांडेय की तैनाती, कानून व्यवस्था सुधारने और फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर

रिपोर्ट: गणपत राय 

चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल द्वारा कार्य में लापरवाही के चलते सदर प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह को लाइन हाजिर किए जाने के बाद बिन्देश्वरी प्रसाद पांडेय को सदर कोतवाली का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। शनिवार को नवागत प्रभारी निरीक्षक पांडेय ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया।

कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि उच्चाधिकारियों की मंशा के अनुरूप कार्य करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अपराधियों और तस्करों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रभारी निरीक्षक ने जनता से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने की बात कहते हुए कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुनकर उसका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि फरियादियों, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं के प्रति संवेदनशील और मित्रवत व्यवहार अपनाया जाए।

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने विशेष जोर दिया। बाजारों में गश्त बढ़ाने, स्कूल-कॉलेजों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नियमित पुलिस भ्रमण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

Related Articles

Back to top button