सेंट जोसेफ स्कूल का वार्षिकोत्सव बना यादगार, बच्चों ने मचाई धूम
वार्षिकोत्सव ‘स्पर्श 2026’ में बच्चों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग, विधायक सुशील सिंह बोले—संस्कार और शिक्षा जरूरी

रिपोर्ट: अवधेश राय
चंदौली जनपद के कमालपुर स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में बुधवार देर शाम वार्षिकोत्सव ‘स्पर्श 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रबंध निदेशक अनिल जोसेफ एवं प्रिंसिपल नेल्सन चेरियन के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, ब्लॉक प्रमुख धानापुर अजय सिंह और पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुशील सिंह जनौली द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
वार्षिकोत्सव के दौरान बच्चों ने देशभक्ति, सामाजिक विषयों और सांस्कृतिक धरोहर पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पंजाबी गीत, मोबाइल के दुष्प्रभाव पर मंचन और विभिन्न लोक व फिल्मी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर बच्चों ने खूब तालियां बटोरीं। ‘गणेशा ओ गणेशा’, ‘मेरे ढोलना ना’, ‘सातों रे बहिनिया’, ‘मैंने पायल है छनकाई’ और ‘जो भक्त महाकाल का’ जैसे गीतों पर प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह से भर दिया।
मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वार्षिकोत्सव विद्यालय का प्रतिबिंब होता है। बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और संस्कृति देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा एक ऐसा माध्यम है जिससे जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है, बशर्ते उसे ईमानदारी और अनुशासन के साथ ग्रहण किया जाए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख धानापुर अजय सिंह, पूर्व जिपंस सुशील सिंह जनौली, जिपंस अंजनी सिंह, सीओ स्नेहा तिवारी, जेपी रावत, एल उमाशंकर सिंह, प्रबंध निदेशक अनिल जोसेफ, प्रिंसिपल नेल्सन चेरियन सहित विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



