मानसिक तनाव से जूझ रही महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
सरेसर गांव के पास रेल पटरी पर मिला 48 वर्षीय महिला का शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरेसर गांव के समीप शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक 48 वर्षीय महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, डीडीयू-पटना मुख्य रेल मार्ग के पोल संख्या 1074 के पास तड़के ग्रामीणों ने एक महिला का शव पटरी पर पड़ा देखा। ग्रामीणों की सूचना पर अलीनगर थाना पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतका की पहचान राजमनी देवी (48 वर्ष), पत्नी विक्रम पटेल, निवासी भोगवार (थाना मुगलसराय) के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार, राजमनी देवी लंबे समय से मानसिक तनाव और बीमारी से जूझ रही थीं। उनका इलाज भी चल रहा था, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पा रहा था। शुक्रवार सुबह वह बिना किसी को बताए घर से निकल गईं और सरेसर गांव के पास जाकर यह कदम उठा लिया।
अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जांच में मानसिक अस्वस्थता की बात सामने आई है। फिलहाल शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के सही कारणों और समय की पुष्टि हो सकेगी।



