उत्तर प्रदेशचंदौली

बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

सकलडीहा क्षेत्र में अनियंत्रित बस ने मारी टक्कर, वाराणसी निवासी 35 वर्षीय युवक की अस्पताल में मौत

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जनपद के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत डेढावल पुलिस चौकी के पास गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान वाराणसी के मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित लहरतारा (महेशपुर) निवासी साजन बिंद (35) के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, साजन बिंद पेशे से ट्रांसपोर्ट ड्राइवर थे और गुरुवार दोपहर अपनी बाइक से ससुराल कमालपुर जा रहे थे। जैसे ही वह सकलडीहा-कमालपुर मार्ग पर उकनीवीरमराय मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक अनियंत्रित बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और साजन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर डेढावल चौकी प्रभारी अजय कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल एम्बुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा भिजवाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बस को भी कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button