चंदौली में बिना मान्यता चल रहे दो स्कूलों पर कार्रवाई की तैयारी, BSA के निरीक्षण में खुलासा
कक्षा 10 तक अवैध संचालन पकड़ा गया, DM के निर्देश पर सख्त कदम; दोनों स्कूलों को नोटिस जारी

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली जनपद में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) सचिन कुमार ने बुधवार को विकास खंड बरहनी क्षेत्र के विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें बड़ी अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान मैरी एजुकेशन एकेडमी, बगही में गंभीर लापरवाही पाई गई। विद्यालय को केवल कक्षा 1 से 8 तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन मौके पर कक्षा 9 और 10 की पढ़ाई संचालित होती मिली। पूछताछ में प्रबंधन ने स्वीकार किया कि छात्रों का नामांकन अन्य स्कूलों में दिखाया गया है, जबकि पढ़ाई इसी संस्थान में कराई जा रही थी।
इसी क्रम में ज्ञान दीप एजुकेशन एकेडमी, सोगई रोड (सैयदराजा) की जांच में भी नियमों का उल्लंघन सामने आया। यहां केवल कक्षा 1 से 5 तक की मान्यता है, लेकिन कक्षा 6 से 8 तक की कक्षाएं संचालित पाई गईं। यहां भी प्रबंधन ने बाहरी नामांकन का हवाला दिया।
बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने दोनों स्कूलों को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिया है कि केवल मान्यता प्राप्त कक्षाओं का ही संचालन किया जाए। साथ ही दोनों संस्थानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है।
BSA ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में बिना मान्यता के कक्षाएं संचालित होती पाई गईं, तो संबंधित प्रबंधकों के खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद जनपद के अन्य नियमों के विरुद्ध संचालित स्कूलों में भी हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले संस्थानों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।



