शिक्षक दिवस पर बाबा केदारनाथ शिक्षा समिति ने बांटी नि:शुल्क पुस्तकें और खेल सामग्री
जगदम्बा शिक्षण संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मिला पाठ्य एवं खेलकूद सामग्री का उपहार

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चन्दौली। शिक्षक दिवस के अवसर पर बाबा केदारनाथ शिक्षा समिति की ओर से जगदम्बा शिक्षण संस्थान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अलहलादपुर, मैढ़ी में नि:शुल्क पुस्तक एवं खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें और खेलकूद सामग्री नि:शुल्क वितरित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति, पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद् एवं भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित गणमान्य लोगों और शिक्षकों ने डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा के क्षेत्र में योगदान एवं उनके प्रेरणादायी विचारों को याद किया।
कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष अच्युतानन्द पाण्डेय, प्रबन्धक तारा पाण्डेय, प्रधानाचार्य गजानन्द पाण्डेय तथा विवेक कुमार पाण्डेय की गरिमामय उपस्थिति रही। सभी की मौजूदगी में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पाठ्य पुस्तकें और खेल सामग्री वितरित की गई। सामग्री पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक समाज का मार्गदर्शक होता है और शिक्षा राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद को बढ़ावा देना भी जरूरी है।
समिति की ओर से विद्यार्थियों को शिक्षा और खेल से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराने के प्रयास की सराहना की गई। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी शिक्षकों और अध्यापिकाओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, अध्यापिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



