उत्तर प्रदेशवाराणसी

वाराणसी में रेलवे अफसर का जर्मन शेफर्ड बंगले से लापता, खोजने वाले को मिलेगा इनाम

पूर्वोत्तर रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर ने सिगरा थाने में दी गुमशुदगी की तहरीर, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के डिप्टी चीफ इंजीनियर का दो वर्षीय जर्मन शेफर्ड कुत्ता लहरतारा स्थित सरकारी बंगले से रहस्यमय ढंग से लापता हो गया है। अधिकारी ने सिगरा थाने में गुमशुदगी की तहरीर देने के साथ ही कुत्ते की बरामदगी कराने वाले को उचित इनाम देने की घोषणा की है। मामले को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, शंभो माता मंदिर के पास बंगला नंबर-15 में रहने वाले डिप्टी चीफ इंजीनियर पंकज पांडेय ने पुलिस को बताया कि उनका पालतू जर्मन शेफर्ड ‘लीओ’ 2 अगस्त की रात करीब 11 बजे बंगले से गायब हो गया। परिवार और कर्मचारियों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

पंकज पांडेय ने आशंका जताई है कि किसी ने बंगले के भीतर से ही कुत्ते को अगवा कर लिया। उन्होंने रेल कर्मचारियों के साथ सिगरा पुलिस से कुत्ते की तलाश में मदद की मांग की है। लीओ की तस्वीर वाले पोस्टर भी इलाके में लगाए गए हैं।

सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सिटी कमांड सेंटर की मदद से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। विद्यापीठ चौकी पुलिस ने भी स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू कर दी है।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी पशु चोरी की घटनाएं

राजातालाब, मिर्जामुराद, रोहनिया, कपसेठी और जंसा क्षेत्रों से आए दिन पशुओं के चोरी या लापता होने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। पूर्व में बकरी, बकरा, गाय, भैंस और मुर्गी चोरी की घटनाएं भी दर्ज हो चुकी हैं। शहर में भी समय-समय पर कुत्तों के गायब होने की सूचनाएं मिलती रही हैं, हालांकि अधिकांश मामलों में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पाती।

Related Articles

Back to top button