रेलवे रास्ता बंद और फसल नुकसान पर सपा प्रतिनिधिमंडल का प्रदर्शन, प्रशासन से की बड़ी मांग
सिकटिया परशुरामपुर में बंद रास्ते से बढ़ी परेशानी, आगलगी में जली फसल पर किसानों के लिए मुआवजे की मांग

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली में समाजवादी पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं डीआरएम मुगलसराय से मुलाकात कर क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने मुगलसराय विधानसभा के सिकटिया परशुरामपुर में रेलवे द्वारा बंद किए जा रहे रास्ते को लेकर आमजन की परेशानियों से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रास्ता बंद होने से स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को आवागमन में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही हाल ही में आगलगी की घटनाओं में जली गेहूं की फसलों से किसानों को हुए भारी नुकसान पर उचित मुआवजे की मांग भी उठाई गई।
इस दौरान सपा नेता सत्यनारायण राजभर ने कहा कि रेलवे प्रशासन को जनहित को ध्यान में रखते हुए तत्काल रास्ता बहाल करना चाहिए और किसानों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए। वहीं, मुगलसराय विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी चंद्रशेखर यादव ने कहा कि रास्ता बंद होने से आमजन की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं और किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
पूर्व चेयरमैन मुसाफिर चौहान ने भी रास्ता बंद होने को क्षेत्र के विकास में बाधा बताते हुए प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की मांग की। समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष अमरनाथ जायसवाल मोनू ने कहा कि आवागमन बाधित होने से स्थानीय व्यापार पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान कर आमजन और किसानों को राहत दी जाए। इस दौरान बाबूलाल यादव, बैजनाथ मास्टर, औसाफ अहमद, रजत वर्मा, इकबाल, गोलू समेत सैकड़ों ग्रामीण और किसान मौजूद रहे।



