पेयजल संकट पर भड़का जलीलपुर, जल निगम के खिलाफ ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन
20 दिनों से पानी सप्लाई बाधित, दूषित जल से परेशान लोग; नाराज ग्रामीणों ने “मुर्दाबाद” के नारे लगाए, जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन की चेतावनी

रिपोर्ट: गणपत राय
पड़ाव क्षेत्र के जलीलपुर गाँव में पेयजल संकट और दूषित पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने जल निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए “मुर्दाबाद” के नारे लगाए और विभागीय लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब 20 दिनों से गाँव के लगभग 25 घरों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। वहीं जिन घरों में पानी पहुंच भी रहा है, वह दूषित और बदबूदार है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर हो गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्था द्वारा अंडरग्राउंड पाइपलाइन डालने के लिए की गई खुदाई के दौरान कई जगह पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। मरम्मत कार्य ठीक ढंग से नहीं किए जाने के कारण पाइपलाइन में लीकेज हो गया, जिससे नालियों का गंदा पानी सप्लाई में मिल रहा है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विभाग की अनदेखी से लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन में पिंटू खान, सनी खान, इश्तियाक खान, नौशाद अहमद, इमरान अहमद, अरशद अंसारी, वसीम अंसारी, शकील अंसारी, रहमतुल्ला अंसारी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेकर ग्रामीणों को राहत पहुंचाता है।



