उत्तर प्रदेशचंदौली

बीएसएफ जवान आनंद यादव का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

करंट लगने से हुई थी मौत, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई

रिपोर्ट: गणपत राय 

चंदौली जिले के धीना क्षेत्र स्थित करजरा गांव निवासी 26 वर्षीय बीएसएफ जवान आनंद यादव का शनिवार को गुरैनी घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बीएसएफ के जवानों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए गार्ड ऑफ ऑनर दिया। जवान के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों, रिश्तेदारों और प्रशासनिक अधिकारियों की भीड़ उमड़ी।

जानकारी के अनुसार आनंद यादव वर्ष 2022 में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) में भर्ती हुए थे और वर्तमान में छत्तीसगढ़ में तैनात थे। वह 15 दिन की छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। शुक्रवार को घर की सफाई के दौरान टूटे बिजली के तार की चपेट में आने से उन्हें करंट लग गया। गंभीर हालत में परिजन उन्हें धानापुर उपस्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जवान का शव गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। इसके बाद गुरैनी घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया, जहां पिता रामबचन यादव ने पुत्र को मुखाग्नि दी।

अंतिम संस्कार के दौरान बीएसएफ जवानों ने अपने साथी को सलामी दी और परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Related Articles

Back to top button