चंदौली

चंदौली में दर्दनाक सड़क हादसा: बालू लदे ट्रेलर ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर घायल

डिग्घी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से ट्रैक्टर को मारी जोरदार टक्कर, घायल युवकों का निजी अस्पताल में इलाज जारी, इलाके में आक्रोश

रिपोर्ट: अवधेश राय 

चंदौली। जिले के थाना धीना क्षेत्र अंतर्गत डिग्घी गांव के सामने शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अमड़ा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे बालू लदे ट्रेलर ने लकड़ी लदे ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिग्घी गांव निवासी दिलीप अग्रहरि (25 वर्ष) अपने साथी हरिवंश प्रजापति के साथ खेत से लकड़ी लेकर ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार बालू लदे ट्रेलर ने डिग्घी गांव के पास ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उस पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंच गए।

स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को तत्काल कमालपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने सड़क पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button