चंदौली में प्रभारी मंत्री ने मृतकों के परिजनों को सौंपे आपदा राहत के चेक
आंधी-तूफान हादसे में जान गंवाने वाले तीन परिवारों को चार-चार लाख रुपये की सहायता, क्षतिग्रस्त मकानों के लिए मिला गृह अनुदान

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के राज्य मंत्री एवं चंदौली के प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड ने शुक्रवार को तहसील नौगढ़ और चकिया क्षेत्र का दौरा कर हाल ही में आए आंधी-तूफान में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य आपदा मोचक निधि से मृतकों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये के राहत चेक वितरित किए।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मृतक परिवारों का सर्वे कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाए। बीते 13 मई को आए तेज आंधी-तूफान में शिकारगंज गांव निवासी गुलाब की दीवार गिरने से मौत हो गई थी। वहीं करवदिया गांव की प्रभावती देवी की पेड़ गिरने से दबकर मौत हो गई थी। इसके अलावा बोदलपुर गांव निवासी रामकेश यादव कच्ची दीवार गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी बाद में जिला संयुक्त चिकित्सालय में इलाज के दौरान मौत हो गई।
प्रभारी मंत्री के साथ क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने गांव पहुंचकर मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की।
आंधी-तूफान के कारण करवदिया गांव निवासी प्रभावती देवी और शिकारगंज गांव निवासी गुलाब के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। जिला प्रशासन की ओर से दोनों परिवारों को अलग से 1 लाख 20 हजार रुपये का गृह अनुदान भी दिया गया।
इससे पहले ग्राम मझगावां में भी तूफान से हुए नुकसान का निरीक्षण किया गया। प्रभारी मंत्री ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान उप जिलाधिकारी पवन कुमार यादव, तहसीलदार देवेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार आशुतोष राय, मोहम्मद आरिफ, बीडीओ विकास सिंह, डॉ. कुंदन गोंड़, आशीष पाठक सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।



