पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में 55वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
वाराणसी संभाग के खिलाड़ियों में दिखा उत्साह, प्राचार्या क्षमा सिंह ने खेलों को बताया भविष्य निर्माण का आधार

रिपोर्ट: गणपत राय
डीडीयू नगर में केंद्रीय विद्यालय संगठन, वाराणसी संभाग के तत्वावधान में 55वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ। कार्यक्रम में वाराणसी संभाग के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों से आए खिलाड़ियों, एस्कॉर्ट्स, खेल शिक्षकों और स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती क्षमा सिंह और क्रीड़ा शिक्षक आनंद कुमार द्वारा अतिथियों एवं प्रतिभागियों के स्वागत के साथ किया गया। अपने संबोधन में प्राचार्या क्षमा सिंह ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को विकसित करते हैं, जो विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।
क्रीड़ा शिक्षक आनंद कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह जीवन में धैर्य, संघर्ष और निरंतर प्रयास का महत्व सिखाते हैं। इस अवसर पर वाराणसी संभाग के सहायक आयुक्त वी.के. सोलंकी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं और खेल मैदानों का अवलोकन कर तैयारियों की सराहना की।
प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल समेत विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है। पहले दिन ही खिलाड़ियों में जोश और उत्साह देखने को मिला, जहां विभिन्न टीमों ने अभ्यास सत्रों के माध्यम से अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
विद्यालय प्रशासन द्वारा खिलाड़ियों के आवास, भोजन, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही खेल मैदानों को भी प्रतियोगिता के अनुरूप तैयार किया गया है, ताकि सभी मुकाबले निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।
इस अवसर पर नगीना राम, श्याम बिहारी, सुरेशकुमारी भारती, हृषिकेश मयंक, अर्चना, सोमिल भारती, प्राची भार्गव, प्रियंका गुप्ता, रजत सिंह, सतेन्द्र, संतोष कुमार और सत्य प्रकाश सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



