उत्तर प्रदेशचंदौली

सड़क हादसे में पूर्व सैनिक की दर्दनाक मौत, डीसीएम और बुलेट की जोरदार टक्कर

चंदौली के चकिया-चंदौली मार्ग पर भीषण हादसा, ड्यूटी से लौट रहे पूर्व सैनिक ने मौके पर तोड़ा दम

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली। चकिया-चंदौली मार्ग पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पूर्व सैनिक की दर्दनाक मौत हो गई। फत्तेपुर खुर्द गांव के पास ब्रेड लदी डीसीएम और बुलेट के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 45 वर्षीय राजेश यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जनपद के महमदपुर, कैथवलिया निवासी राजेश यादव भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे और वर्तमान में नौगढ़ क्षेत्र में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। रविवार सुबह ड्यूटी खत्म कर वह अपनी बुलेट से घर लौट रहे थे। इसी दौरान चकिया की ओर जा रही ‘परिवार कंपनी’ की ब्रेड लदी डीसीएम से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बुलेट के परखच्चे उड़ गए और तेज आवाज से आसपास के लोग सहम गए। हादसे के बाद राजेश यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पूर्व सैनिक की आकस्मिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Articles

Back to top button