चकिया में डेढ़ साल की मासूम से दुष्कर्म का आरोप, पड़ोसी युवक फरार
पिता की तहरीर पर पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें गठित
रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र में डेढ़ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले युवक ने बच्ची के परिवार से जान-पहचान और भरोसे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया और घटना के बाद फरार हो गया।
परिजनों के अनुसार, आरोपी अक्सर बच्ची को खिलाने और टॉफी देने के बहाने घर आता-जाता था। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को मामले की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को चिकित्सीय जांच व उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



