अलीनगर मनोज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, रेलवे लोको पायलट निकला मास्टरमाइंड
कर्ज के बोझ में दबे लोको पायलट ने दी थी हत्या की सुपारी, बिहार के शूटरों को 1.5 लाख में दिया गया था कॉन्ट्रैक्ट, रेकी के बाद की गई थी वारदात

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चन्दौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित मनोज हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जिसे अब तक एक ब्लाइंड मर्डर केस माना जा रहा था, उसकी परतें खुलने के बाद जो सच सामने आया उसने सभी को चौंका दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड कोई पेशेवर अपराधी नहीं बल्कि रेलवे में कार्यरत एक लोको पायलट था। आरोपी पर मृतक मनोज का ब्याज का भारी कर्ज था, जिसे वह चुका नहीं पा रहा था। लगातार बढ़ते दबाव और कर्ज से बचने के लिए उसने मनोज की हत्या की साजिश रच डाली।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने बिहार के पेशेवर शूटरों से संपर्क कर लगभग 1.5 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी। इसके बाद शूटरों को अलीनगर बुलाया गया और उनकी रहने-खाने की व्यवस्था भी आरोपी द्वारा ही की गई।
वारदात से पहले कई दिनों तक मनोज की रेकी की गई, जिसमें उसके आने-जाने के रास्तों और दिनचर्या की पूरी जानकारी जुटाई गई। सही मौका मिलने पर शूटरों ने मनोज की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आगे की जांच तेज कर दी है।



