उत्तर प्रदेश

UP Election 2027: मायावती ने कहा- उम्मीदवारों पर अंतिम फैसला मेरा, आकाश आनंद को लेकर अफवाहों से रहें सावधान

बसपा सुप्रीमो बोलीं- अब तक 20 से अधिक प्रत्याशी फाइनल, सोशल मीडिया पर फैलाई जा रहीं भ्रामक बातों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं

बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की भूमिका को लेकर चल रही चर्चाओं पर स्पष्ट बयान दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सिलसिलेवार पोस्ट करते हुए कहा कि यूपी चुनाव में उम्मीदवारों का अंतिम फैसला वही कर रही हैं और आकाश आनंद को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए।

मायावती ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए लखनऊ स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय में कई महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इन बैठकों में प्रदेश और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को उम्मीदवार चयन प्रक्रिया से जुड़े दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इंटरव्यू और अन्य प्रक्रियाओं के बाद अब तक 20 से अधिक प्रत्याशियों के नाम तय किए जा चुके हैं तथा बाकी सीटों पर भी अंतिम निर्णय उनके स्तर से ही होगा।

बसपा प्रमुख ने कहा कि केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, देश के किसी भी विधानसभा या लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों पर अंतिम मुहर वही लगाती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन सीटों पर प्रत्याशी तय हो चुके हैं, वहां उनकी अनुमति से पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी जनसभाओं के माध्यम से उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं। इसी क्रम में आकाश आनंद भी कुछ सीटों पर जनसभाएं कर प्रत्याशियों के नाम घोषित करेंगे।

आकाश आनंद की भूमिका पर मायावती ने कहा कि उन्हें पिछले एक वर्ष से देशभर में संगठन की समीक्षा बैठकों और जनसभाओं के लिए भेजा जा रहा है। हाल में जिन राज्यों में चुनाव हुए, वहां भी उन्होंने पार्टी के पक्ष में प्रचार किया। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद अपनी जिम्मेदारियां पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभा रहे हैं। मायावती ने पिछले वर्ष 9 अक्टूबर 2025 को कांशीराम की पुण्यतिथि पर आयोजित महारैली और लोकसभा चुनाव प्रचार में उनकी सक्रिय भूमिका का भी उल्लेख किया।

मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि सोशल मीडिया पर आकाश आनंद के संबंध में फैलाई जा रही भ्रामक और बेतुकी बातों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों की घोषणा के लिए जनसभाएं करना बसपा की सामान्य संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है और इसका उम्मीदवार चयन अथवा किसी के राजनीतिक कद से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शरारती और जातिवादी तत्वों से सतर्क रहने की सलाह दी।

Related Articles

Back to top button