चकिया कस्बे में सुबह 5 बजे से अवैध शराब की बिक्री, छात्राओं से अभद्रता की शिकायत
स्थानीय लोगों ने पुलिस की मिलीभगत से अवैध शराब और गांजे का कारोबार संचालित होने का लगाया आरोप, राहगीरों और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल

रिपोर्ट: गणपत राय
चकिया। कस्बे में सुबह करीब 5 बजे से अवैध रूप से शराब की बिक्री और पिलाने का कारोबार संचालित होने की शिकायत सामने आई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में एक महिला द्वारा कथित तौर पर गांजे की भी बिक्री की जाती है। लोगों ने इस पूरे अवैध कारोबार में पुलिस की मिलीभगत होने का भी आरोप लगाया है।
शिकायत के मुताबिक, सड़क पर आने-जाने वाले राहगीरों और स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शराब के नशे में धुत कुछ लोग छात्राओं और बच्चियों पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं, जिससे उनका रास्ते से गुजरना मुश्किल हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध शराब और गांजे की बिक्री पर रोक लगाने तथा छात्राओं और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इन शिकायतों पर क्या कार्रवाई करता है।



