उत्तर प्रदेशवाराणसी

बनारस स्टेशन से वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ, जीआरपी ने संभाली सुरक्षा की कमान

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में संपन्न हुआ कार्यक्रम, जीआरपी के साथ अतिरिक्त पुलिस बल रहा तैनात

वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन से 31 अक्टूबर 2026 को वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ कार्यक्रम सकुशल संपन्न हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) पूरी तरह मुस्तैद रही।

कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रेलवे स्टेशन परिसर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। पुलिस महानिदेशक रेलवे लखनऊ प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज जोन एन. कोलान्ची, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशान्त वर्मा और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह के मार्गदर्शन में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली गई।

प्रभारी निरीक्षक जीआरपी कैंट वाराणसी रजोल नागर के नेतृत्व में जीआरपी के जवानों ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जीआरपी अनुभाग प्रयागराज, आगरा और पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

इस दौरान जीआरपी अधिकारियों ने लगातार स्टेशन परिसर का भ्रमण कर वीवीआईपी सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यात्रियों के सुगम आवागमन की व्यवस्था का जायजा लिया। डीजीपी रेलवे और एसपी रेलवे ने स्वयं स्टेशन पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था का पर्यवेक्षण किया।

सभी संबंधित अधिकारियों और पुलिस बल के आपसी समन्वय से वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button