उत्तर प्रदेशवाराणसी

वाराणसी: रामनगर रामलीला में बेकाबू हाथी का तांडव, महावत को पटककर किया गंभीर रूप से घायल

पंचवटी मैदान में मची अफरा-तफरी, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ते किए बंद; हाथी को काबू करने में जुटी वन विभाग की टीम

वाराणसी। रामनगर की ऐतिहासिक रामलीला के दौरान रविवार को पंचवटी मैदान में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आजमगढ़ से लाया गया एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया। गुस्साए हाथी ने अपने महावत को सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल महावत को इलाज के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह हाथी काशी राजपरिवार के कुंअर अनंत नारायण सिंह के पुत्र के रामलीला देखने के दौरान इस्तेमाल किया जाता है। घटना के बाद पंचवटी मैदान और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पंचवटी मैदान और आसपास के रास्तों पर बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया। लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी गई है। वहीं, वन विभाग और हाथियों को संभालने में जुटी टीम बेकाबू हाथी पर नियंत्रण पाने का प्रयास कर रही है।

फिलहाल हाथी के काबू में आने की सूचना नहीं है। स्थिति को देखते हुए पुलिस और संबंधित टीमें मौके पर सतर्क हैं।

Related Articles

Back to top button