उत्तर प्रदेशचंदौली

कमालपुर व्यापार मंडल चुनाव में आनंद रस्तोगी अध्यक्ष और दिलीप त्रिशूलिया महामंत्री निर्वाचित

558 व्यापारियों ने किया मतदान, आनंद रस्तोगी ने 127 मतों से और दिलीप त्रिशूलिया ने 42 मतों से दर्ज की जीत

रिपोर्ट: अवधेश राय 

कमालपुर। कस्बा स्थित एक निजी लॉन में रविवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से व्यापार मंडल का चुनाव कराया गया। जिलाध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक लक्ष्मीकांत अग्रहरि की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। चुनाव को लेकर व्यापारियों में खासा उत्साह देखने को मिला और मतदान केंद्र पर सुबह से ही गहमागहमी बनी रही।

मतदान सुबह 10:30 बजे से शाम 3:30 बजे तक चला। कुल 594 मतदाताओं के सापेक्ष 558 व्यापारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के छह और महामंत्री पद के आठ मत निरस्त किए गए।

अध्यक्ष पद पर आनंद रस्तोगी ने 339 मत हासिल कर भरत रस्तोगी को 127 मतों से पराजित किया। वहीं महामंत्री पद पर दिलीप त्रिशूलिया ने 219 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रितेश पांडेय को 42 मतों से हराया। कोषाध्यक्ष पद पर बिनोद अग्रहरि निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।

चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए आनंद रस्तोगी और भरत रस्तोगी मैदान में थे, जबकि महामंत्री पद के लिए रितेश पांडेय, दिलीप त्रिशूलिया और राजकुमार मौर्य ने चुनाव लड़ा।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस प्रशासन की भी सक्रिय भूमिका रही। धीना थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव और चौकी प्रभारी जय करन सरोज अपने हमराहियों के साथ मौके पर मौजूद रहे और चुनाव को सकुशल संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि, मुख्य चुनाव अधिकारी राकेश मोदनवाल, निर्वाचन अधिकारी चंद्रेश्वर जायसवाल, महमूद आलम, राजीव अग्रहरि, सतीश गुप्ता, धर्मेंद्र गुप्ता, अशोक केशरी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

 

Related Articles

Back to top button