उत्तर प्रदेशचंदौली

बारिश से कच्चा मकान भरभराकर गिरा, बाल-बाल बचे गृहस्वामी

गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर बर्बाद, लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर की जांच

रिपोर्ट: अवधेश राय 

कमालपुर। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के चलते कमालपुर कस्बे में एक खपरैलनुमा कच्चा मकान देर रात भरभराकर गिर गया। हादसे के दौरान मकान में सो रहे गृहस्वामी तसउवर अली और उनके परिजन बाल-बाल बच गए। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में मदद की।

कमालपुर निवासी तसउवर अली पेंटर का काम कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बारिश के कारण मकान में नमी बढ़ गई थी। देर रात अचानक कच्चा खपरैलनुमा मकान गिर गया। संयोग से हादसे में किसी को चोट नहीं आई। मकान के अंदर बंधी करीब आधा दर्जन बकरियों को भी गृहस्वामी और पड़ोसियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मकान गिरने से गृहस्थी का अधिकांश सामान मलबे में दबकर बर्बाद हो गया। इसमें करीब 50 किलो चावल, 50 किलो गेहूं, 10 किलो दाल, चारपाई, टेबुल पंखा, मेज, कुर्सी समेत अन्य घरेलू सामान शामिल है।

घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल रविशंकर राय मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त मकान का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने जांच के बाद रिपोर्ट शासन को भेज दी है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित गरीब परिवार को नियमानुसार अहेतुक सहायता राशि दिलाए जाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button