चंदौली BRC पर FLN प्रशिक्षण का आगाज, 60 शिक्षक सीख रहे बुनियादी शिक्षा की नई तकनीकें
खेल-खेल में सीखने और TLM के प्रयोग से बच्चों की भाषा व गणितीय दक्षता बढ़ाने पर जोर

चंदौली। ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) चंदौली में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (FLN) आधारित चार दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्राथमिक कक्षाओं में बच्चों की बुनियादी भाषा और गणितीय दक्षता को मजबूत करने के लिए शिक्षकों को आधुनिक एवं व्यावहारिक शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य परियोजना कार्यालय से पहुंचे शिवेश जी और खंड शिक्षा अधिकारी सदर राजेश कुमार चतुर्वेदी की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बुनियादी साक्षरता और गणितीय दक्षता प्राथमिक शिक्षा की मजबूत नींव है। शुरुआती कक्षाओं में बच्चों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाना आगे की शिक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
18 अगस्त से शुरू हुए इस चार दिवसीय प्रशिक्षण में कुल 60 शिक्षक हिस्सा ले रहे हैं। प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए सदर ब्लॉक के पांचों एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (ARP) राजकुमार त्रिपाठी, हरगोविंद सिंह, वंदना वर्मा, प्रीतेश उपाध्याय और प्रवीण उपाध्याय शिक्षकों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। वहीं, लैंग्वेज लर्निंग फाउंडेशन (LLF) से BAC हरीश रावत भी प्रशिक्षण में सहयोग कर रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान खेल-खेल में सीखने, TLM यानी शिक्षण अधिगम सामग्री के प्रयोग और गतिविधि आधारित शिक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। शिक्षकों को बच्चों को बुनियादी भाषा और गणित सिखाने की ऐसी तकनीकों से अवगत कराया जा रहा है, जिन्हें कक्षा में आसानी से लागू किया जा सके।
प्रशिक्षण में शामिल शिक्षक भी विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। उनका उद्देश्य प्रशिक्षण में सीखी गई आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपने-अपने विद्यालयों में लागू कर बच्चों के सीखने के स्तर को और बेहतर बनाना है।



