शिवम इंग्लिश स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां, मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ उत्साहवर्धन

वाराणसी। रमदत्तपुर स्थित शिवम इंग्लिश स्कूल में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुआ। विद्यालय के निदेशक राजेश मिश्र ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद विद्यालय परिवार और उपस्थित अभिभावकों ने राष्ट्रगान के साथ देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
समारोह में सीआरपीएफ निरीक्षक विकास तिवारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी की भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य, नाट्य प्रस्तुति और भारतीय संस्कृति पर आधारित विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया। प्रस्तुतियों को तैयार कराने में संध्या एवं किशन पटेल का विशेष योगदान रहा।
इस दौरान शिक्षा और विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का भी उत्साहवर्धन किया गया। अभिनव विश्वकर्मा, हर्षिता शुक्ला, प्रिंसेज खरवार, अभियांशी सिंह, वैष्णवी पाठक, विशिष्ट वर्मा, अलख यादव, शुभांगी मिश्रा, मुस्कान सहित अन्य विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की गई। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है।
विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक अरविन्द सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रप्रेम को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन आचार्य सुशील चंद्र श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने की अपील की।
समारोह के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य सौरभ मिश्र ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति, उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा।



