संत रविदास जयंती वर्ष पर भाजपाइयों ने निकाली कलश वंदन यात्रा
नेगुरा से खजरा तक निकली यात्रा, समरसता संकल्प अभियान के तहत हुआ आयोजन

रिपोर्ट: अवधेश राय
कमालपुर (चंदौली)। भारतीय जनता पार्टी धानापुर पूर्वी मंडल के अध्यक्ष चंद्रभान मौर्य के नेतृत्व में गुरुवार को संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान के तहत भव्य कलश वंदन यात्रा निकाली गई। यात्रा नेगुरा गांव से शुरू होकर अहिकौरा, असवरियां, बहेरी, कमालपुर, जनौली और रैथा होते हुए खजरा पहुंची।
खजरा पहुंचने के बाद कलश यात्रा वाहन बरहनी मंडल के कार्यकर्ताओं को सुपुर्द किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
मंडल अध्यक्ष चंद्रभान मौर्य ने कहा कि भाजपा द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार विकास के साथ-साथ महापुरुषों की जयंती धूमधाम से मनाकर समाज में समरसता का भाव मजबूत कर रही है।
उन्होंने कहा कि कलश वंदन यात्रा के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता संत रविदास महाराज के विचारों और उनके समरसता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। भाजपा सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और समाज के सभी वर्गों के सम्मान के लिए कार्य करती है।
मौर्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भदोही जिले का नाम संत रविदास के नाम पर रखने की पहल को महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश तिवारी, मंडल महामंत्री श्याम सुंदर सिंह, अनिल श्रीवास्तव, विशंभर मौर्य, ग्राम प्रधान सनोहर पासवान, रामउग्रह बिंद, विजय बिंद, मदन सिंह, रामू बिंद, शुभम सिंह समेत अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



