वाराणसी में रिंग रोड पर ट्रेलर ने ऑटो को रौंदा, दो की मौत की आशंका
गोइठहां के पास दर्दनाक हादसा, ट्रेलर ऑटो को घसीटते हुए पानी भरे गड्ढे में जा गिरा

वाराणसी। लालपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम रिंग रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोइठहां के पास गिट्टी लदा ट्रेलर बेकाबू होकर दूसरी लेन में चला गया और सामने से आ रही ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रेलर ऑटो को घसीटते हुए रिंग रोड से नीचे पानी भरे गड्ढे में जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर रिंग रोड फेज-1 पर तेज रफ्तार से जा रहा था। इसी दौरान सामने एक पिकअप वाहन आने पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रेलर दूसरी लेन में पहुंच गया। सामने से आ रही ऑटो ट्रेलर की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो ट्रेलर के नीचे फंस गई और दोनों वाहन गड्ढे में चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही लालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ऑटो अभी भी ट्रेलर के नीचे दबी हुई है और उसमें कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने ट्रेलर हटाने के लिए क्रेन बुलवाई है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



