उत्तर प्रदेशचंदौली

कमालपुर इंडियन गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप, डिलीवरी दिखाकर नहीं दिया जा रहा सिलेंडर

उपभोक्ताओं ने की जांच और कार्रवाई की मांग, ब्लैक मार्केटिंग का भी लगाया आरोप

रिपोर्ट: अवधेश राय 

कमालपुर (चंदौली)। कमालपुर स्थित इंडियन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने गंभीर अनियमितताओं और कथित ब्लैक मार्केटिंग के आरोप लगाए हैं। क्षेत्र के निवासी एवं दैनिक भास्कर के पत्रकार नवीन राय ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

नवीन राय के अनुसार उनके गैस उपभोक्ता खाते में 21 जुलाई 2026 को एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी दर्ज कर दी गई, जबकि उन्हें अब तक भरा हुआ सिलेंडर प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी कर्मचारी लगातार यह कहकर टालते रहे कि “लोड नहीं आया है, लोड आने पर बुलाया जाएगा”, जबकि इस बीच एजेंसी पर दो बार सिलेंडर का लोड पहुंच चुका है।

उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल उनके साथ नहीं है, बल्कि क्षेत्र के कई उपभोक्ता इसी तरह की परेशानी झेल रहे हैं। कुछ उपभोक्ताओं ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर आरोप लगाया कि गैस सिलेंडरों को कथित रूप से ब्लैक मार्केटिंग के लिए अलग रखा जाता है और इंडियन तथा भारत गैस के सिलेंडर 1600 से 2000 तक में बेचे जा रहे हैं।

उपभोक्ताओं ने मांग की है कि एजेंसी के स्टॉक, डिलीवरी रिकॉर्ड और वितरण व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उनका कहना है कि जांच होने पर पूरे मामले का खुलासा हो सकता है और आम लोगों को समय पर गैस सिलेंडर मिल सकेगा।

जिलाधिकारी से यह भी मांग की गई है कि दोषी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Back to top button