नाला जाम होने से फसलें प्रभावित, ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर नाला सफाई की मांग उठाई
एवती गांव में जल निकासी ठप होने से फसलें डूबीं, ग्रामीणों ने नाला सफाई की मांग उठाई; कार्रवाई नहीं होने पर धरने का ऐलान

रिपोर्ट: अवधेश राय
चंदौली: धानापुर विकासखंड के एवती गांव में गंदा नाला जाम होने से हजारों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। जल निकासी बाधित होने के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं, जबकि करजरा, रामरूपदासपुर समेत आसपास के गांवों में भी जलभराव की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
मंगलवार को ग्रामीणों ने एवती नाला की सफाई की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नाले की सफाई नहीं होने से खेतों के साथ-साथ आबादी वाले क्षेत्रों में भी पानी भर गया है। इससे लोगों के घरों में पानी घुस रहा है और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीण ओमप्रकाश यादव ने बताया कि करीब एक किलोमीटर लंबा नाला पूरी तरह जाम है। यह नाला आगे चलकर अगहर बीर बहुरिया नदी में मिलता है, लेकिन जाम होने से पानी की निकासी पूरी तरह रुक गई है। जलभराव के कारण दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द नाले की सफाई नहीं कराई गई तो किसान सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन में संतोष सिंह, ओमप्रकाश यादव, विशाल, बंगबहादुर मौर्य, विजय मौर्य, पप्पू मौर्य, जयप्रकाश सिंह, मनोहर राम, वीरेंद्र राम, मोहन सिंह, दीना सिंह, रविशंकर सिंह, राम उग्रह राम, पवन सिंह, जयराम यादव सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।



