उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में AAP का बिजली संकट पर प्रदर्शन, अघोषित कटौती और बढ़ी दरों के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

मुगलसराय स्थित विद्युत विभाग कार्यालय पर जुटे कार्यकर्ता, बिजली दरें वापस लेने और निर्बाध आपूर्ति की मांग

रिपोर्ट: गणपत राय 

चंदौली। उत्तर प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती और बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) ने शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पार्टी के प्रदेशव्यापी जनआंदोलन का हिस्सा था, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश प्रवक्ता मनीष गुप्ता और जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने किया। कार्यकर्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित विद्युत वितरण विभाग कार्यालय पहुंचे और सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में प्रदेशभर में जारी अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने, बिजली व्यवस्था में सुधार करने तथा बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग की गई।

सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच प्रदेश की जनता बिजली संकट से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों से लेकर शहरों तक लोग घंटों बिजली कटौती का सामना कर रहे हैं, जबकि सरकार 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा कर रही है।

प्रदेश प्रवक्ता मनीष गुप्ता ने कहा कि सरकार की नीतियों का सबसे अधिक असर गरीबों, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई से पहले ही परेशान जनता पर बिजली दरों में बढ़ोतरी अतिरिक्त बोझ बन गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है तो बिजली दरों में वृद्धि किस आधार पर की जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “महंगी बिजली वापस लो”, “बिजली कटौती बंद करो” और “जनता का शोषण बंद करो” जैसे नारे लगाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रेम चौहान, वीरेंद्र यादव, भजनू राम, सिब्तुल्लाह, राजकुमार जायसवाल, अशोक यादव, छोटू यादव, बृजेश यादव, डॉ. दयाराम, सुलेमान अहमद, ननकी यादव और दिनेश चौहान समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button