उत्तर प्रदेशचंदौली

नमो घाट हत्याकांड पर CM योगी से मिले विधायक रमेश जायसवाल, 50 लाख मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग

लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिले मुगलसराय विधायक, नमो घाट मामले में कठोर कार्रवाई के साथ क्षेत्रीय विकास से जुड़ी छह प्रमुख मांगें भी रखीं

रिपोर्ट: गणपत राय 

लखनऊ/चंदौली। मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने शनिवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath से शिष्टाचार मुलाकात कर नमो घाट पर बाउंसरों द्वारा कथित मारपीट के बाद हुई सोनभद्र निवासी राजेश जायसवाल उर्फ चिंटू की मौत के मामले को प्रमुखता से उठाया।

विधायक ने मुख्यमंत्री के समक्ष पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग रखी। साथ ही मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने पूरे प्रकरण की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

मुलाकात के दौरान विधायक रमेश जायसवाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र और जनहित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। इनमें नियामताबाद में निर्माणाधीन राजकीय महिला इंटर कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा कराकर जल्द पठन-पाठन शुरू कराने, दीनदयाल नगर (मुगलसराय) में स्थायी सब्जी मंडी के निर्माण, क्षेत्र में मिनी स्टेडियम की स्थापना, बबुरी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अविलंब शुरू कराने तथा चंदौली स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उच्च शिक्षा के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग शामिल रही।

इसके अलावा विधायक ने वाराणसी में जायसवाल समाज के कुल देवता भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जी महाराज की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

इस दौरान जायसवाल क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज जायसवाल और देव जायसवाल भी मौजूद रहे।

 

Related Articles

Back to top button