उत्तर प्रदेशचंदौली

गंगा कटान रोकने का कार्य दो दिनों में होगा शुरू, किसानों का धरना चौथे दिन भी जारी

सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने दिया आश्वासन, बोल्डर, पिचिंग और जियो बैग से किए जाएंगे सुरक्षात्मक कार्य; स्थायी समाधान की मांग पर अड़े किसान

रिपोर्ट: अवधेश राय 

धीना। नदहा-गुरैनी लघु डाल कैनाल क्षेत्र में गंगा कटान की गंभीर समस्या को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को चौथे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर पहुंचे सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने किसानों से वार्ता कर दो दिनों के भीतर कटानरोधी कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।

धरना स्थल पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सुरेश चंद्र आजाद, सहायक अभियंता अतुल गुप्ता तथा अवर अभियंता अजय यादव सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को भरोसा दिलाया कि गंगा कटान रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।

सहायक अभियंता अतुल गुप्ता ने बताया कि पूर्व में बंधी प्रखंड द्वारा लगभग 70 मीटर क्षेत्र में बोल्डर लगाए गए थे तथा लघु डाल कैनाल के समीप पिचिंग का कार्य कराया गया था। बाढ़ के दौरान पिचिंग क्षतिग्रस्त हो गई और बोल्डर गंगा में धंस गए, जिससे कटान की समस्या और गंभीर हो गई।

उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में बोल्डर, पिचिंग और जियो बैग लगाकर सुरक्षा कार्य कराया जाएगा। साथ ही अन्य तकनीकी उपायों के जरिए भी कटान रोकने का प्रयास किया जाएगा। विभाग ने दो दिनों के भीतर मरम्मत और सुरक्षात्मक कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया है।

आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने संतोष व्यक्त किया, लेकिन स्पष्ट कहा कि जब तक कार्य की गुणवत्ता और प्रगति संतोषजनक नहीं होगी, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।

धरने में भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष पारस विश्वकर्मा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दीनानाथ लाल श्रीवास्तव, अखिल भारतीय किसान मजदूर यूनियन के जिला अध्यक्ष श्रवण कुमार मौर्य सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

किसानों का कहना है कि वर्षों से गंगा कटान के कारण उनकी कृषि भूमि प्रभावित हो रही है। उन्होंने स्थायी और प्रभावी कटानरोधी व्यवस्था की मांग करते हुए कहा कि समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए। वहीं विभागीय अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आवश्यक कार्य जल्द शुरू कर स्थिति पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button