पीडीडीयू नगर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, डीएम-एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं
जनता की शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए गए निर्देश

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली | तहसील पीडीडीयू नगर के सभागार में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सरकार की मंशानुरूप जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में चन्द्र मोहन गर्ग ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, निराश्रित पेंशन एवं निर्विवाद वरासत जैसे लाभार्थीपरक मामलों को प्राथमिकता पर निपटाया जाए।
वहीं आकाश पटेल की उपस्थिति में भूमि संबंधी मामलों पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर निस्तारण के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि समाधान दिवस में कुल 88 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 06 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, विकास विभाग, सिंचाई, विद्युत एवं पुलिस से संबंधित रहीं।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



