लौदा गांव में मड़ई में भीषण आग, बछड़े की मौत, लाखों का नुकसान
अलीनगर थाना क्षेत्र में अज्ञात कारणों से लगी आग ने गरीब मजदूर परिवार को किया बेघर, भैंस झुलसी; दमकल की देरी पर ग्रामीणों में आक्रोश

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लौदा गांव में शनिवार को एक दर्दनाक अग्निकांड सामने आया, जहां अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने एक गरीब मजदूर परिवार की पूरी गृहस्थी को जलाकर राख कर दिया। इस हादसे में एक बेजुबान बछड़े की जलकर मौत हो गई, जबकि एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गई है।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी दिहाड़ी मजदूर कैलाश की मड़ई में अचानक आग लग गई। तेज धूप और हवा के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पूरी मड़ई को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार के लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था।
इस अग्निकांड में घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और नकदी समेत लगभग दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आने से खूंटे से बंधा बछड़ा जिंदा जल गया, वहीं पास में बंधी भैंस झुलस गई, जिसका इलाज कराया जा रहा है। हादसे के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने खुद ही पंप और बाल्टियों की मदद से घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग और प्रशासन समय पर मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
फिलहाल, स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री दी जाए और सरकारी योजना के तहत उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।



