ड्राइवर ने घर में फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
35 वर्षीय प्रदीप तिवारी ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी, कारण अब तक अज्ञात

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र के हनुमानपुर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 35 वर्षीय युवक ने अपने ही घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान प्रदीप तिवारी (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर थे। जानकारी के अनुसार, उन्होंने घर के अंदर साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। काफी देर तक कमरे से कोई हलचल न होने पर परिजनों को शक हुआ, जब वे अंदर पहुंचे तो प्रदीप का शव फंदे से लटका मिला।
घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी और दो मासूम बेटियों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर के मुखिया पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी, उसकी अचानक मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
सूचना मिलते ही मुगलसराय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हनुमानपुर इलाके में इस घटना के बाद से गहरा सन्नाटा और शोक का माहौल बना हुआ है।



