चंदौली कचहरी गेट पर बड़ा हादसा टला, हाई-मास्ट लाइट गिरने से मचा हड़कंप
बंदरों की उछलकूद से जर्जर पोल टूटा, भोर में गिरने से टली जनहानि; विभागीय लापरवाही पर उठे सवाल

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली कचहरी परिसर में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब बबुरी रोड स्थित पूर्वी गेट पर लगा विशाल हाई-मास्ट स्ट्रीट लाइट पोल अचानक उखड़कर सड़क पर गिर पड़ा। राहत की बात यह रही कि घटना भोर के समय हुई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, यदि यह घटना दिन के व्यस्त समय में होती तो एक बड़ी त्रासदी हो सकती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह के समय बंदरों का एक झुंड हाई-मास्ट लाइट के पोल पर उछल-कूद कर रहा था। पहले से जर्जर हो चुका पोल बंदरों के भार और झटकों को सहन नहीं कर सका और देखते ही देखते भारी-भरकम लाइट पोल सड़क पर गिर गया।
घटना के बाद जब पोल के निचले हिस्से की जांच की गई तो उसकी हालत बेहद खराब पाई गई। पोल पूरी तरह से जंग खाकर खोखला हो चुका था और सड़ चुका था। ऐसे में यह साफ तौर पर बिजली विभाग और रखरखाव एजेंसी की लापरवाही को उजागर करता है।
यह स्थान जिले के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक है, जहां रोजाना सैकड़ों अधिवक्ता अपनी गाड़ियां खड़ी करते हैं और सुबह 10 बजे के बाद वादियों और आम लोगों की भारी भीड़ रहती है। गनीमत रही कि घटना उस समय हुई जब इलाके में भीड़ नहीं थी, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने सवाल उठाया कि कचहरी जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में लगे उपकरणों की नियमित जांच क्यों नहीं की जाती। साथ ही नगर पंचायत और बिजली विभाग के रखरखाव दावों पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि परिसर में लगे अन्य सभी बिजली के पोल और हाई-मास्ट लाइटों की तत्काल जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।



